spsssitapur.com

HEALTH EDUCATION WORKSHOP – 08/MAY/ 2026 Khemkaran Inter College, Laharpur

ग्रामीणों के द्वार पहुँची स्वास्थ्य सेवाएँ, निःशुल्क शिविर में 140 मरीजों का हुआ उपचार

सीतापुर | संवाददाता

ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लहरपुर के महिला गन्नी टोला, चेंकपुर इंदर कॉलेज के सामने 8 मई 2026 को एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर श्री पीतांबरा शिक्षा समिति एवं के.पी. सिंह मेमोरियल हॉस्पिटल द्वारा जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में कुल 140 मरीजों का पंजीकरण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सभी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क परामर्श, आवश्यक जांच और दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 40 मरीजों के रक्त नमूने लिए गए तथा 85 से अधिक लोगों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उनके लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के मैनेजर डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने सभी से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की अपील की।

शिविर में डॉ. एस.ए. मीर (जनरल मेडिसिन), डॉ. एहतेशाम खान (जनरल फिजिशियन), डॉ. मधुलिका राय (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. हबीब जैन (सर्जन) तथा डॉ. मुस्कान (स्त्री रोग विशेषज्ञ) सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार प्रदान किया। नर्सिंग स्टाफ एवं स्वयंसेवकों ने पंजीकरण, जांच और दवा वितरण की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया।

कार्यक्रम में प्रोग्राम मैनेजर अंशुमान सिंह, संयोजक ऐश्वर्य प्रताप सिंह, डॉ. अनुज कुमार सर्वेश्वता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, सहयोगियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top